औरैया सपा जिलाध्यक्ष ने मतदाताओं से वोटर लिस्ट जांचने की अपील
टेन न्यूज ii 24 अप्रैल 2026 ii ब्यूरो चीफ: रामजी पोरवाल | लोकेशन: औरैया
औरैया। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने महावीर गंज स्थित एक बैठक में जनपदवासियों से मतदाता सूची का अवलोकन करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल को जारी नई मतदाता सूची में कई मतदाताओं के नाम के आगे “डिलीट” अंकित किया गया है, जो नाम हटाए जाने का संकेत है। ऐसे में संबंधित मतदाता समय रहते सतर्क हो जाएं और अपने वोट को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रभावित मतदाता बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) और बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) के माध्यम से या सीधे जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए 25 अप्रैल अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मतदाता सूची में “ए”, “एस” और “क्यू” जैसे अक्षरों का भी विशेष महत्व होता है, इसलिए मतदाता अपनी प्रविष्टियों को ध्यानपूर्वक जांचें और किसी भी त्रुटि की स्थिति में तुरंत सुधार कराएं।
बैठक में महेंद्र त्रिपाठी, आनंद कुमार, कुलदीप झामा, मनीष कठेरिया सहित कई कार्यकर्ता व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि समय रहते कार्रवाई न करने पर कई लोगों के वोट कट सकते हैं, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी प्रभावित होगी।
