मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत कन्नौज में जागरूकता अभियान, महिलाओं को बताए सुरक्षा के उपाय![]()
टेन न्यूज ।। 19 अक्टूबर 2026 ।। प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज 6.0 अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान महिला बीट अधिकारियों और मिशन शक्ति टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल लगाकर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद किया। साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।![]()
पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनी अधिकार, लैंगिक समानता, बाल विवाह तथा महिलाओं और बच्चों के प्रति होने वाली हिंसा के संबंध में जानकारी दी। इसके अलावा साइबर अपराध से बचाव और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति भी जागरूक किया गया।
पुलिस ने महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, बाल सहायता नंबर 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने की अपील की। साथ ही साइबर अपराध की शिकायत के लिए cybercrime.gov.in पोर्टल के बारे में बताया गया।
पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस और संबंधित हेल्पलाइन सेवाओं से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाकर सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।