• Mon. Apr 20th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

मिशन शक्ति अभियान के तहत कन्नौज में जागरूकता कार्यक्रम, महिला पुलिस की स्कूटी रैली निकली

ByTen News One Desk

Mar 25, 2026
31 Views

मिशन शक्ति अभियान के तहत कन्नौज में जागरूकता कार्यक्रम, महिला पुलिस की स्कूटी रैली निकली


टेन न्यूज ii 25 मार्च 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो,
कन्नौज (उ.प्र.)
प्रदेश में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण) एवं नवरात्रि सप्ताह के अंतर्गत बुधवार को पुलिस लाइन्स कन्नौज में विशेष जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक तिर्वा कैलाश राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री तथा पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भरता एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान उपस्थित महिलाओं को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—1076, 1090, 1930, 102/108, 1098, 181 एवं 112—की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत महिला पुलिसकर्मियों द्वारा एक वृहद स्कूटी रैली भी निकाली गई, जिसे जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पुलिस लाइन्स से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए लगभग 15 किलोमीटर की दूरी तय कर पुनः पुलिस लाइन्स पहुंची।

रैली में करीब 200 महिला पुलिसकर्मियों, शिक्षिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं एवं अन्य महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का उद्देश्य महिलाओं को उनके कानूनी एवं संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उनमें सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना को सुदृढ़ करना रहा।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, क्षेत्राधिकारी कुलवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. प्रियंका वाजपेयी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
— प्रभाष चंद्र, कन्नौज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!