• Thu. Apr 16th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

तिलहर में कूड़ा धन विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित

ByTen News One Desk

Apr 16, 2026
2 Views

तिलहर में कूड़ा धन विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित


टेन न्यूज़ ii 16 अप्रैल 2026 ii डेस्क न्यूज़, शाहजहांपुर

नगर पालिका परिषद तिलहर एवं NGO ग्रीन फ्यूचर कलेक्टिव के संयुक्त तत्वाधान में श्री जे. डी. सिंह इंटर कॉलेज में “कूड़ा धन” विषय पर एक जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करना तथा कूड़े को संसाधन के रूप में उपयोग करने की जानकारी देना रहा।

कार्यशाला की शुरुआत में विद्यार्थियों को वर्तमान कचरा प्रबंधन की स्थिति से अवगत कराया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि घरों में गीले और सूखे कचरे को एक साथ मिलाने से न केवल पर्यावरण प्रदूषित होता है, बल्कि इसके निस्तारण में भी कई समस्याएं उत्पन्न होती हैं। उन्होंने कचरे के पृथक्करण की आवश्यकता पर जोर देते हुए बताया कि यदि गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखा जाए तो उसका बेहतर तरीके से पुनः उपयोग किया जा सकता है।

इस दौरान विशेषज्ञों ने “कूड़ा से धन” की अवधारणा को सरल भाषा में समझाते हुए बताया कि जैविक कचरे से खाद बनाई जा सकती है, जबकि प्लास्टिक और अन्य सूखे कचरे को रीसायकल कर उपयोगी वस्तुओं में बदला जा सकता है। विद्यार्थियों को वैज्ञानिक तरीके से कचरे के निस्तारण की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई।

कार्यक्रम का संचालन NGO ग्रीन फ्यूचर कलेक्टिव की कार्यकारी अधिकारी काजल यादव ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य के. पी. यादव, समस्त स्टाफ तथा ग्रीन फ्यूचर कलेक्टिव की टीम मौजूद रही। सभी ने कार्यशाला को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को स्वच्छता अपनाने, कचरे का पृथक्करण करने तथा अपने घर-परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। यह कार्यशाला स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!