तिलहर में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के वेतन वृद्धि की घोषणा पर खुशी![]()
टेन न्यूज।। 09 सितंबर 2026।। अमुक सक्सेना
तिलहर/शाहजहांपुर। तहसील सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लाइव संबोधन का प्रसारण देखने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान उनके वेतन में वृद्धि की घोषणा किए जाने पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने करतल ध्वनि कर मुख्यमंत्री का आभार जताया।
कार्यक्रम में तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा और कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह भी मौजूद रहे। विधायक सलोना कुशवाहा ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के सेवा भाव से किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर सरकार की योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विशेष रूप से मातृत्व एवं महिला-बाल कल्याण से संबंधित योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने में उनका योगदान सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा की गई वेतन वृद्धि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के परिश्रम एवं सेवाभाव का सम्मान है। वे इसकी सच्ची हकदार हैं।
कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह ने भी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को वेतन वृद्धि की बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके प्रयासों से महिलाओं और बच्चों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकत्रियों ने वेतन वृद्धि की घोषणा पर प्रसन्नता व्यक्त की।