ईद-उल-फितर पर झूमे बच्चे, हिफजा नूर की तस्वीर मनमोहक बनी, क्षेत्र में दिखा भाईचारे का माहौल
टेन न्यूज ।। 21 मार्च 2026 ।। तौफीक फारूकी, ब्यूरो फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद। थाना कमालगंज क्षेत्र में ईद-उल-फितर का पर्व इस वर्ष भी हर्षोल्लास, उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया।
रमजान के पवित्र महीने के समापन और चांद दिखने के बाद ईद का ऐलान होते ही पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
नमाज के बाद सभी ने देश में अमन, चैन और खुशहाली की दुआ मांगी तथा एक-दूसरे से गले मिलकर ‘मीठी ईद’ की मुबारकबाद दी।
ईद के इस खास मौके पर बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। छोटे-छोटे बच्चे रंग-बिरंगे नए कपड़ों में सजे-धजे नजर आए और अपनी खुशियों का खुलकर इजहार किया। कई जगह बच्चों ने डांस कर त्योहार की खुशी मनाई।
इसी दौरान छोटी बच्ची हिफजा नूर ने भी नए परिधान पहनकर सभी को ईद की मुबारकबाद दी और अपनी मासूम मुस्कान से माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। जिसके चलते हिफजा नूर की सुंदर तस्वीर लोगों के दिलों में मनमोहक बनी हुई है।
क्षेत्र के गांवों में भी ईद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर बधाइयां दीं और आपसी सौहार्द को मजबूत किया। घरों में सेवइयों, मिठाइयों और विभिन्न पकवानों की खुशबू से माहौल महक उठा। बच्चों को ईद मिलने की खुशी साफ झलक रही थी।
मौलाना ने अपने संदेश में कहा कि ईद का त्योहार मोहब्बत, भाईचारे और इंसानियत का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से आपसी सद्भाव बनाए रखने और जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की।
उन्होंने यह भी कहा कि सच्ची इबादत वही है, जिसमें इंसान अल्लाह के साथ-साथ उसके बंदों से भी प्रेम करे।
त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।
संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया और अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहे। प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से पूरे क्षेत्र में ईद का पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
ईद-उल-फितर, जिसे ‘मीठी ईद’ भी कहा जाता है, रमजान के महीने के समापन का प्रतीक है। इस दिन लोग नए कपड़े पहनते हैं, गरीबों को दान देते हैं और एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटते हैं।
कमालगंज क्षेत्र में भी यह त्योहार प्रेम, भाईचारे और खुशी का संदेश देते हुए संपन्न हुआ, जहां हर चेहरे पर मुस्कान और दिलों में अपनापन नजर आया।





