समर्पण एक प्रयास संस्था का सराहनीय कदम: जिला अस्पताल बरेली में रोजाना भोजन वितरण
टेन न्यूज़ ii 26 अप्रैल 2026 ii राकेश कुमार/रामवीर
बरेली। समाज सेवा की मिसाल पेश करते हुए समर्पण एक प्रयास संस्था द्वारा जिला अस्पताल बरेली में प्रतिदिन जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन वितरण का कार्य किया जा रहा है। इस पहल से दूर-दराज से इलाज के लिए आने वाले गरीब एवं असहाय मरीजों व उनके परिजनों को बड़ी राहत मिल रही है।
संस्था की ओर से प्रतिदिन लगभग ढाई सौ जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। यह सेवा प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक नियमित रूप से संचालित की जा रही है।
संस्था के पदाधिकारी सर्वेश कुमार गुप्ता ने बताया कि संस्था के सभी सदस्यों के सहयोग से यह कार्य लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले कई जरूरतमंद लोग आर्थिक रूप से कमजोर होते हैं, ऐसे में उन्हें भोजन उपलब्ध कराना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने यह भी बताया कि संस्था लंबे समय से इस तरह के सामाजिक कार्यों में सक्रिय है और आगे भी जरूरतमंदों की सेवा इसी तरह निरंतर जारी रखेगी।
स्थानीय लोगों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे मानवता की सच्ची सेवा बताया है।
