“दामिनी पहल” बनी महिला सशक्तिकरण की नई पहचान, शाहजहाँपुर में पुलिस ने किया सम्मान समारोह
टेन न्यूज़ ii 31 मार्च 2026 ii डीपी सिंह@डेस्क न्यूज़ ल,
शाहजहाँपुर
मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत जनपद के सभी थानों में “दामिनी पहल” कार्यक्रम का आयोजन कर महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।
इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को पुलिस व्यवस्था से जोड़ते हुए उनकी सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाना रहा। कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और पत्रकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 और 181 की जानकारी दी गई तथा महिला शक्ति केंद्रों के माध्यम से मिलने वाली सहायता के बारे में भी अवगत कराया गया। साथ ही, मिशन शक्ति से जुड़े पंपलेट वितरित कर महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
“दामिनी पहल” के तहत महिलाओं को “पुलिस वालंटियर” के रूप में जोड़ने पर भी जोर दिया गया, जिससे वे अपने क्षेत्रों में घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, छेड़छाड़ और साइबर अपराध जैसी घटनाओं की सूचना पुलिस तक पहुंचा सकें।
कार्यक्रम के अंत में महिलाओं से अपील की गई कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी समस्या की स्थिति में बिना झिझक तुरंत पुलिस से संपर्क करें।






