पूर्व सैनिकों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करें अधिकारी: एडीएम
जिला सैनिक बन्धु की बैठक में 13 प्रार्थना पत्रों पर हुई चर्चा, प्राथमिकता से समाधान के निर्देश
टेन न्यूज़ !! २० नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो , कन्नौज यूपी
कन्नौज । कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रतन की अध्यक्षता में जिला सैनिक बन्धु की बैठक आयोजित की गई। इसमें पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा कर उनके निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की गई। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक की शुरुआत में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल रोहित भटारा ने पिछली बैठक में प्राप्त प्रकरणों और उनके निस्तारण की प्रगति से अवगत कराया। इसके बाद वर्तमान बैठक में प्राप्त शिकायतों का विवरण प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग से संबंधित आठ, पुलिस विभाग से संबंधित चार और शस्त्र संबंधी एक प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है।
अपर जिलाधिकारी ने पूर्व सैनिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार समाधान कराया जाएगा। अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों पर संवेदनशीलता से कार्रवाई करें, ताकि पूर्व सैनिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
एडीएम ने कहा कि देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों का सम्मान और उनका कल्याण प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर उनकी समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए कार्रवाई करें।
बैठक में सीओ लाइन, क्लर्क शिवम राजपूत, जिला सूचना अधिकारी सहित पूर्व सैनिक सूबेदार मेजर शंकर सिंह, सूबेदार प्रमोद सिंह, हवलदार मानसिंह, हवलदार अनन्तराम, हवलदार विकास दुबे और हवलदार धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया मौजूद रहे। कार्यालय स्टाफ सहित जनपद के कुल 27 पूर्व सैनिकों ने बैठक में भाग लिया।