ग्राम रोजगार सेवकों का आंदोलन का ऐलान, 21 से 23 नवंबर तक कार्य बहिष्कार

3 दिसंबर को लखनऊ में विधानसभा का घेराव करेंगे रोजगार सेवक, लंबित मांगों को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
टेन न्यूज़ !! २० नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
कन्नौज। जनपद में ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन की घोषणा कर दी है। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जिला अध्यक्ष अजीत कटियार के नेतृत्व में ग्राम रोजगार सेवकों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित आंदोलन की पूर्व सूचना दी।
ग्राम रोजगार सेवक लंबे समय से मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, ईपीएफ का भुगतान सुनिश्चित करने तथा अन्य विभागीय समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। संगठन का कहना है कि शासन स्तर पर अब तक मांगों को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसी के विरोध में आंदोलन का रास्ता अपनाया गया है।
ज्ञापन के अनुसार, 21 से 23 नवंबर 2026 तक विशेष रोजगार सृजन सप्ताह के दौरान सभी ग्राम रोजगार सेवक कार्य बहिष्कार करेंगे। इसके बाद 27 नवंबर को जिला मुख्यालय कन्नौज पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा जाएगा।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि इसके बाद भी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 3 दिसंबर 2026 को जिले के सभी ग्राम रोजगार सेवक प्रदेश नेतृत्व के साथ लखनऊ पहुंचकर विधानसभा का घेराव करेंगे।
ग्राम रोजगार सेवकों ने जिलाधिकारी से उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाने और शीघ्र निस्तारण कराने की अपील की है।
टेन न्यूज़ कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट।