बरखेड़ा ब्लॉक सभागार में जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक, ग्राम पंचायतों से मांगी कार्ययोजना

टेन न्यूज़ !! २६ जून २०२६ !! रामचंद्र सक्सेना ब्यूरो, पीलीभीत
बरखेड़ा ब्लॉक सभागार में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में ग्राम प्रधान प्रशासकों, बीडीसी सदस्यों एवं अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण विकास, आवास, आयुष्मान कार्ड, प्राकृतिक खेती तथा ग्राम पंचायतों की कार्ययोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी ग्राम प्रधान प्रशासकों को निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों की विकास कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करें।
उन्होंने कहा कि सभी पंचायतों की कार्ययोजनाओं पर एक साथ ब्लॉक सभागार में अधिकारियों की उपस्थित में समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही की जा सके।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, कन्या सुमंगला योजना, किसान सम्मान, सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान व अन्य पेंशन योजनाओं की जानकारी दी और योजना का लाभ लेने हेतु कहा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए विशेष अभियान चलाने और आवश्यकतानुसार शिविर आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने संबंधी योजनाओं की जानकारी भी दी और किसानों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र ने मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर बल दिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत जनपद को 1787 आवासों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जबकि अभी तक विकासखंडों से केवल 890 लाभार्थियों की सूची प्राप्त हुई है। पात्र परिवार ग्राम पंचायत सचिव अथवा खंड विकास अधिकारी से संपर्क कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी ग्राम पंचायतों में श्मशान भवन निर्माण तथा जर्जर पंचायत भवनों की मरम्मत एवं सुधार कार्य कराने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर मा0 विधायक बरखेडा स्वामी प्रवक्तानन्द जी ने कहा कि ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में परियोजना निदेशक, खण्ड विकास अधिकारी बरखेड़ा, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान प्रशासक एवं बीडीसी सदस्य उपस्थित रहे। पीलीभीत जिला ब्यूरो चीफ रामचंद्र सक्सेना