• Mon. Oct 12th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन परियोजनाओं का किया निरीक्षण, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

ByTen News One Desk

Oct 12, 2026
5 Views

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन परियोजनाओं का किया निरीक्षण, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी


महिला थाना से दुर्गा होटल तक ड्रेनेज पाइपलाइन कार्य में तेजी लाने के निर्देश, अतिरिक्त मजदूर लगाकर शीघ्र कार्य पूरा करने को कहा


टाउनहाल सीएम ग्रिड रोड पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर ठेकेदार को फटकार, सभी स्थानों पर साइनेज बोर्ड लगाने के निर्देश


टेन न्यूज़ !! १२ अक्टूबर २०२६ !! डीपी सिंह डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को जनपद में प्रमुख मार्गों पर संचालित निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला थाना एवं रोडवेज बस अड्डे के सामने ड्रेनेज के लिए पाइपलाइन बिछाने के कार्य, टाउनहाल स्थित सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़क एवं नाली तथा चीनौर में लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई परियोजनाओं में कार्य की धीमी गति मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों के प्रति नाराजगी व्यक्त की और कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने महिला थाना से दुर्गा होटल तक ड्रेनेज के लिए पाइपलाइन बिछाने के कार्य का निरीक्षण किया। लगभग 1.17 लाख रुपये की लागत से संबंधित इस कार्य की धीमी प्रगति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को अधिक संख्या में मजदूर लगाकर कार्य में तेजी लाने तथा निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यों की निगरानी के निर्देश दिए।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने टाउनहाल स्थित सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत लगभग 1422.38 लाख रुपये की लागत से कराए जा रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 28 प्रतिशत पाई गई। निरीक्षण के दौरान निर्माण के लिए खुदाई किए जाने के बावजूद आवश्यक स्थानों पर साइनेज बोर्ड नहीं लगाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिए कि आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रभावित स्थानों पर उसी दिन साइनेज बोर्ड लगाए जाएं, जिससे लोगों को निर्माण कार्य की जानकारी मिल सके और आवागमन के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। जहां भी सड़क की खुदाई अथवा निर्माण कार्य चल रहा है, वहां पर्याप्त संकेतक एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करें और ठेकेदारों द्वारा कार्यों में लापरवाही बरते जाने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

इसके बाद जिलाधिकारी ने चीनौर में लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। इस परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 25 प्रतिशत पाई गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही निर्माण कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ ही कार्य की गति बढ़ाई जाए, ताकि आमजन को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सके।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जाए और। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!