डीएम-एसपी ने सकरावा थाने में सुनीं फरियादियों की समस्याएं

राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर शिकायतों के निस्तारण के निर्देश
टेन न्यूज़ !! १५ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार की संयुक्त उपस्थिति में थाना सकरावा में थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतों का प्रभावी, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने राजस्व एवं भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित संयुक्त मामलों में दोनों विभागों की टीमें आपसी समन्वय से मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करें, ताकि पीड़ितों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों और थानों के चक्कर न लगाने पड़ें।![]()
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच करने तथा पीड़ितों के साथ संवेदनशील और शालीन व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्रवाई की प्रभावी समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए।
दोनों अधिकारियों ने शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।