छिबरामऊ में हत्या के मामले में बुजुर्ग समेत दो गिरफ्तार

पुलिस ने लाइसेंसी बंदूक, अवैध तमंचा और 37 कारतूस किए बरामद
टेन न्यूज़ !! १५ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
कन्नौज। छिबरामऊ में गोली लगने से युवक की मौत के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी अवध बिहारी दीक्षित और विवेचना के दौरान प्रकाश में आई महिला अभियुक्ता उन्नति दीक्षित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी अवध बिहारी के कब्जे से लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक, एक अवैध तमंचा और विभिन्न बोर के कुल 37 जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। दोनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को अंकित चतुर्वेदी निवासी सुभाषनगर, छिबरामऊ ने तहरीर देकर बताया था कि उनके चचेरे भाई अभिषेक चतुर्वेदी को अमोल दीक्षित ने पीछे से हाथ मार दिया था। इसकी शिकायत करने के लिए वह अपने भाई अनुज चतुर्वेदी, दीपक पाठक और अभिषेक के साथ अमोल के घर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां अमोल ने गाली-गलौज की, जबकि उसके पिता अवध बिहारी दीक्षित और मां मुन्नी देवी ने जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान अमोल दीक्षित ने अनुज चतुर्वेदी को जान से मारने की नीयत से गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई।![]()
इस मामले में पुलिस ने अमोल दीक्षित, उसके पिता अवध बिहारी दीक्षित और मां मुन्नी देवी के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर को वांछित आरोपी अवध बिहारी दीक्षित को छिबरामऊ कस्बे के पश्चिमी बाईपास के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक लाइसेंसी 12 बोर की एकनाली बंदूक, 12 जिंदा कारतूस 12 बोर, एक अवैध 315 बोर का तमंचा, पांच जिंदा कारतूस 315 बोर और 7.65 एमएम के 20 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
वहीं, विवेचना के दौरान प्रकाश में आई करीब 18 वर्षीय उन्नति दीक्षित को मोहल्ला इब्राहिमगंज में जीटी रोड की ओर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है।
कन्नौज से प्रभास चंद्र की खास रिपोर्ट।