जनगणना–2027 की स्व-गणना को लेकर डीएम ने की बैठक

16 से 30 नवंबर तक पोर्टल पर स्वयं दर्ज कर सकेंगे परिवार की जानकारी, विभागाध्यक्षों को प्रचार-प्रसार के निर्देश
टेन न्यूज़ !! १५ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
कन्नौज, 13 नवम्बर । जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जनगणना–2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों और स्व-गणना को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विभागों के कार्यालयाध्यक्ष शामिल हुए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के माध्यम से स्व-गणना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा अधिक से अधिक परिवारों को इस प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनगणना को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य बताते हुए सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश में 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस दौरान नागरिक https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर घर बैठे अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना के दौरान निवास स्थान की सही जियो-टैगिंग करना आवश्यक होगा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्राप्त SE ID को सुरक्षित रखना होगा, ताकि घर पहुंचने वाले प्रगणक को उपलब्ध कराया जा सके।![]()
इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे। स्व-गणना का उद्देश्य नागरिकों को अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने की सुविधा देना और जनगणना प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाना है।
जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों से अपने कार्यक्षेत्र में अधिक से अधिक लोगों तक स्व-गणना की जानकारी पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना–2027 में व्यापक जनभागीदारी के लिए सभी विभागों की सक्रिय भूमिका जरूरी है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व देवेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी तिर्वा वैशाली सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
हमारी जनगणना, हमारा विकास।