दहेज प्रताड़ना से विवाहिता की मौत के मामले में पति समेत तीन गिरफ्तार

रामचंद्र मिशन पुलिस ने पति, ससुर और सास को घर से पकड़ा, 13 नवंबर को फांसी लगाने की मिली थी सूचना
टेन न्यूज़ !! १४ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर, 14 नवंबर। थाना रामचंद्र मिशन पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित पति, ससुर और सास को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, तीनों को शनिवार दोपहर करीब 2:10 बजे उनके निवास मोहल्ला रेती से गिरफ्तार किया गया। मामले में विवाहिता के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, पीलीभीत जनपद के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के कुन्दनपुर गौटिया निवासी उमेश कुमार ने 13 नवंबर को थाना रामचंद्र मिशन में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री भावना का विवाह 25 फरवरी 2026 को मोहल्ला रेती निवासी पवन पुत्र छोटे लाल के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर भावना को प्रताड़ित करते थे और उसके साथ मारपीट भी करते थे।
तहरीर के अनुसार, 13 नवंबर को भावना द्वारा फांसी लगा लेने की सूचना मिली थी। पिता ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए विवश किया गया और उसकी हत्या कर शव को फांसी के फंदे पर लटकाए जाने का संदेह जताया। इस आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 211/26 धारा 85, 80(2) बीएनएस और 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत दर्ज किया।
पुलिस ने मामले में वांछित पवन पुत्र छोटे लाल (25), छोटे लाल पुत्र शिवराज (50) और राजकुमारी पत्नी छोटे लाल (48), निवासी मोहल्ला रेती, थाना रामचंद्र मिशन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, तीनों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जगत सिंह, कांस्टेबल सहदेव, कांस्टेबल आकाश सैनी और महिला कांस्टेबल दीपिका रानी शामिल रहीं।