• Sat. Apr 25th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

होमगार्ड भर्ती परीक्षा के पहले दिन डीएम-एसपी का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर कड़ी नजर

ByTen News One Desk

Apr 25, 2026
8 Views

होमगार्ड भर्ती परीक्षा के पहले दिन डीएम-एसपी का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर कड़ी नजर


टेन न्यूज़ ii 25 अप्रैल 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स भर्ती परीक्षा 2025 के प्रथम दिन जनपद में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम का अवलोकन किया, जहां से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही थी। उन्होंने मुस्लिम मोहम्मदिया इंटर कॉलेज, सुशीला देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज, जमुना प्रसाद गर्ल्स इंटर कॉलेज, सेठ बासुदेव सहाय इंटर कॉलेज, गोमती देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज मकरंद, केकेसीएन इंटर कॉलेज, के.के. इंटर कॉलेज कन्नौज तथा डी.एन. इंटर कॉलेज तिर्वा में लगे कैमरों की लाइव फीड भी देखी।

इसके बाद दोनों अधिकारियों ने संबंधित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों व केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि तीनों दिन और दोनों पालियों में हर गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में सीसीटीवी कैमरे बंद नहीं होने चाहिए और बिजली बाधित होने पर तुरंत जनरेटर चालू किया जाए।

साथ ही स्ट्रांग रूम से लेकर परीक्षा कक्ष तक सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना समाप्त हो। परीक्षार्थियों की एंट्री प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया गया, जिसमें आधार सत्यापन और केवाईसी जांच को अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए। मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध सुनिश्चित करने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने भी साफ शब्दों में कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस बल को पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!