कटरा उपचुनाव में रचना गुप्ता ने झोंकी पूरी ताकत, जनसंपर्क तेज

टेन न्यूज़ ii 25 अप्रैल 2026 ii डीपी सिंह डेस्क@शाहजहाँपुर। मीरानपुर कटरा नगर पंचायत उपचुनाव में राजनीतिक गतिविधियां अब अपने चरम पर हैं। सभी प्रत्याशी मतदाताओं तक पहुंचने में जुटे हैं। इसी कड़ी में निर्दलीय प्रत्याशी रचना सचिन गुप्ता ने भी व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है।
रचना गुप्ता ने नगर के विभिन्न वार्डों में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और अपने पक्ष में मतदान की अपील की। इस दौरान उन्हें स्थानीय जनता का अच्छा समर्थन मिलता नजर आया। उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि उन्हें प्रतिनिधित्व का अवसर मिला तो नगर में साफ-सफाई, पेयजल, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ बेहतर किया जाएगा।
गौरतलब है कि रचना गुप्ता का परिवार पिछले लगभग तीन दशकों से भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा रहा है, लेकिन इस बार टिकट न मिलने के कारण उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया। उनका चुनाव चिन्ह शंख है।
चुनाव प्रचार के दौरान महिलाओं की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिल रही है, जो उनके पक्ष में माहौल बना रही हैं। क्षेत्र में उनका परिवार एक सभ्य और सामाजिक रूप से सक्रिय परिवार के रूप में जाना जाता है, जिसका लाभ उन्हें चुनाव में मिल सकता है।
अब उपचुनाव का मुकाबला दिलचस्प मोड़ पर पहुंच चुका है और रचना गुप्ता की सक्रियता ने चुनावी समीकरणों को और रोचक बना दिया है।
