• Tue. May 19th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

बकरी ईद को लेकर डीएम-एसपी ने धर्मगुरुओं संग की बैठक, सौहार्दपूर्ण पर्व मनाने की अपील

ByTen News One Desk

May 19, 2026
6 Views

बकरी ईद को लेकर डीएम-एसपी ने धर्मगुरुओं संग की बैठक, सौहार्दपूर्ण पर्व मनाने की अपील


टेन न्यूज ii 19 मई 2026 ii डीपी सिंह, डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर। आगामी 28 मई को मनाए जाने वाले बकरी ईद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिला प्रशासन की ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ईदगाह कमेटी के सदस्य, धर्मगुरु, उलेमा, संभ्रांत नागरिक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में धर्मगुरुओं ने जानकारी दी कि बड़ी ईदगाह में ईद-उल-अजहा की नमाज सुबह 7:30 बजे अदा की जाएगी। इसके बाद घरों, निर्धारित कुर्बानी स्थलों और मदरसों में कुर्बानी का अमल किया जाएगा।

इस दौरान धर्मगुरुओं और ईदगाह कमेटी के पदाधिकारियों ने जनपद में टूटी सड़कों की मरम्मत, निर्बाध बिजली आपूर्ति, कुर्बानी के अवशेषों के नियमित उठान, छुट्टा पशुओं पर नियंत्रण, नालियों-पुलियों की मरम्मत और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग उठाई। कांट क्षेत्र में ट्रांसफार्मर ओवरलोडिंग और बिजली आपूर्ति की समस्या भी प्रमुखता से रखी गई।

जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं कुर्बानी के अवशेषों के निस्तारण से जुड़े कार्य 28 मई से पहले प्राथमिकता के आधार पर पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा तथा अवशेषों के उठान के लिए विशेष टीमें लगाई जाएंगी।

जिलाधिकारी ने धर्मगुरुओं से अपील की कि लोग कुर्बानी के अवशेष खुले में न फेंकें और सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी न करें। साथ ही ईद की नमाज केवल ईदगाह एवं मस्जिद परिसरों में ही अदा करने और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं साझा न करने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक सौरभ द्विवेदी ने कहा कि ईद के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी देने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि माहौल खराब करने या भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, शहर पेश इमाम हुजूर अहमद मंजरी, नूरी मस्जिद के पेश इमाम इलियास अत्तारी, ईदगाह कमेटी के सचिव कासिम रजा समेत कई अधिकारी और संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!