जौनपुर में राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में दम दिखाएंगी तिलहर की आठ बालिका खिलाड़ी

इंटर रीजन स्टेट सब-जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में लेंगी हिस्सा, 24 से 31 अक्टूबर तक होंगे मुकाबले
टेन न्यूज़ !! २४ अक्टूबर २०२६ !! अमुक सक्सेना
तिलहर, शाहजहांपुर। तिलहर टाइगर फुटबॉल क्लब की आठ बालिका खिलाड़ियों का चयन इंटर रीजन स्टेट सब-जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 में प्रतिभाग करने के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 24 से 31 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने को लेकर खिलाड़ियों और क्लब पदाधिकारियों में उत्साह है।
प्रतियोगिता में तिलहर का प्रतिनिधित्व करने वाली खिलाड़ियों में आस्था, नव्या, शिखा, संध्या, प्रियांशी, वंशिका, अनन्या और शगुन शामिल हैं। ये खिलाड़ी प्रतियोगिता में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी और बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगी।
तिलहर टाइगर फुटबॉल क्लब के अध्यक्ष संजीव कुमार यादव, सचिव आलोक यादव, मुख्य प्रशिक्षक गौरव भारती, शारीरिक दक्षता प्रशिक्षक विवेक यादव और सलाहकार कमल यादव सहित कार्यकारिणी सदस्य त्रिलोक यादव एवं बिपुल यादव खिलाड़ियों के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से जुड़े हैं।
इस अवसर पर विशेष सदस्य एवं जिला फुटबॉल प्रशिक्षक पंकज सक्सेना, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की प्राचार्य शिवा कुशवाहा तथा खेल शिक्षिका रश्मि गंगवार भी मौजूद रहीं।
क्लब से जुड़ी हस्तियों ने बालिका खिलाड़ियों के प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने को गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया और उनके बेहतर प्रदर्शन की कामना की। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने और अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।