‘हर घर जल’ से बदलेगी कन्नौज की तस्वीर, 70 करोड़ की जल परियोजना को मिली स्वीकृति
टेन न्यूज ।। 18 मार्च 2026 ।। कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट
कन्नौज में ‘ऋतुकाला जल अर्पण दिवस’ के अवसर पर बुधवार को जनजागरूकता समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ‘हर घर जल’ योजना के तहत जल संरक्षण को बढ़ावा देना और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने लोगों को जल के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि “जल है तो कल है” और इसके संरक्षण में सभी की भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि ‘हर घर जल’ योजना के अंतर्गत क्षेत्र में तेजी से कार्य किया जा रहा है और प्रत्येक ग्राम सभा तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। कई गांवों में पानी की टंकियों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि कई स्थानों पर पाइपलाइन के माध्यम से जल आपूर्ति शुरू कर दी गई है।
राज्यमंत्री ने जानकारी दी कि कन्नौज नगर के लिए लगभग 70 करोड़ रुपये की जल परियोजना को योगी आदित्यनाथ द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद शहर के हर घर तक नल से स्वच्छ पानी पहुंचाया जाएगा। साथ ही नगर के विस्तारित क्षेत्रों में भी तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां-जहां पाइपलाइन कार्य के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, उन्हें जल्द दुरुस्त कराया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जिन्होंने जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।






