तिलहर में हजरत मैकू शाह मियां का सालाना उर्स अकीदत से संपन्न![]()
टेन न्यूज ।। 24 अगस्त 2026 ।। अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर
तिलहर। हजरत मैकू शाह मियां रहमतुल्लाह अलैह का सालाना उर्स मुबारक 23 और 24 अगस्त 2026 को अकीदत और एहतराम के साथ संपन्न हुआ। उर्स का आगाज 23 अगस्त की सुबह कुरआन ख्वानी से हुआ। इसके बाद दोपहर में अकीदतमंदों की मौजूदगी में चादरपोशी की गई। शाम को लंगर का आयोजन हुआ, जबकि रात में भव्य जलसे का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से पहुंचे उलमा-ए-कराम ने शिरकत की।
24 अगस्त को सुबह 10 बजे कुल शरीफ की महफिल आयोजित की गई। इसमें उलमा-ए-कराम ने अपने खिताब पेश किए। शायरों और नातख्वानों ने नात-ए-मुस्तफा ﷺ पेश कर महफिल को पुरनूर कर दिया।
बिलग्राम शरीफ से आए सोहेल मियां वहीदी ने अपनी तकरीर में शिक्षा की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “आधी रोटी खाएंगे, बच्चों को पढ़ाएंगे।” उन्होंने लोगों से बच्चों को हर हाल में शिक्षित करने और उन्हें आगे बढ़ाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में मुल्क और कौम की तरक्की, अमन-ओ-शांति तथा खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई। उर्स में हजारों अकीदतमंदों ने शिरकत की। इस मौके पर हाजी तसव्वर हुसैन, सदर सगीर अहमद, नायब सदर कदीर अहमद साबरी और दरगाह के खादिम खलील अहमद कादरी उर्फ शब्बू मियां सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। समापन के बाद अकीदतमंदों के लिए लंगर की व्यवस्था की गई।