भरपेट भोजन करा रही ‘गरीबों की रसोई’, मानव सेवा को बनाया धर्म : संजीव कुमार![]()
टेन न्यूज।। 24 अगस्त 2026 ।। अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर
तिलहर नगर में गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर 29 जुलाई से शुरू की गई ‘गरीबों की रसोई’ जरूरतमंदों, असहाय, मजबूर और मजदूरों के लिए सेवा का बड़ा माध्यम बन गई है। रसोई में महज एक रुपये में भरपेट भोजन कराया जा रहा है। शहर के साथ-साथ आसपास के गांवों से भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोग दोपहर 12 बजे से रसोई पहुंचकर भोजन ग्रहण करते हैं। भोजन वितरण का क्रम प्रतिदिन करीब दोपहर तीन बजे तक चलता है।
लगातार सेवा के चलते सोमवार को रसोई का 27वां दिन रहा। संचालकों के अनुसार यह सेवा प्रतिदिन निरंतर जारी है और इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को सम्मान के साथ भोजन उपलब्ध कराना है।
‘गरीबों की रसोई’ का संचालन संजीव कुमार संघर्षी और प्रद्युम्न द्विवेदी कर रहे हैं। सहयोगी टीम में शोभित राठौर, सूर्य देव, संजीव कुमार मास्टर साहब, डॉ. अर्पित राठौर, अमन द्विवेदी, शिवा, मोहित, उदय, अवनीश राठौर, मोहित राठौर, कुंवर पाल, आशाराम साहू और रामू सहित अन्य लोग प्रतिदिन सेवा में जुटे रहते हैं।