तहसील परिसर की अन्नदा कैंटीन में चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल![]()
टेन न्यूज ii 30 मई 2026 ii ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। बिधूना तहसील परिसर में स्थित अन्नदा कैंटीन में चोरी की घटना से सनसनी फैल गई। तहसील में 24 घंटे सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के बावजूद चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए कैंटीन से हजारों रुपये कीमत का सामान पार कर दिया। घटना के बाद परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार तहसील परिसर में जय गोरखनाथ स्वयं सहायता समूह की सदस्य सुनीता, पूजा, सरोजिनी और रिंकी द्वारा अन्नदा कैंटीन संचालित की जाती है। गुरुवार शाम कैंटीन बंद कर सभी महिलाएं अपने घर चली गई थीं। रात में अज्ञात चोरों ने कैंटीन की जाली काटकर अंदर प्रवेश किया और दो कमर्शियल गैस सिलेंडर, दो प्रेशर कुकर, सरसों का तेल, राशन, बर्तन समेत हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया।
शुक्रवार सुबह कैंटीन खोलने पहुंचीं संचालिकाओं को चोरी की जानकारी हुई, जिससे उनके होश उड़ गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।