शाहजहांपुर में दविश के दौरान दरोगा पर मारपीट कर छत से नीचे गिराने का आरोप, एसआई समेत दो पर मुकदमा दर्ज
टेन न्यूज़ !! ०6 नवम्बर २०२५ !! अमुक सक्सेना, तिलहर (शाहजहांपुर)।
नगर से सटे आंबेडकर ग्राम मौजमपुर में मंगलवार शाम दविश के दौरान हुई घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। हत्या के प्रयास में नामजद आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर परिजनों ने आरोप लगाया है कि दविश के दौरान दरोगा राहुल सिसोदिया ने आरोपी के पिता सत्यभान (45 वर्ष) को गाली-गलौज करते हुए छत से धक्का दे दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान बुधवार सुबह सत्यभान की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे थाना तिलहर पुलिस अभिषेक पुत्र सत्यभान को पकड़ने मौजमपुर पहुंची थी। इसी दौरान छत पर मौजूद सत्यभान नीचे गिर पड़े। परिवारजन उन्हें गंभीर हालत में सीएचसी ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं, बुधवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे इलाज के दौरान सत्यभान की मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने बसपा नेताओं के साथ हंगामा शुरू कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला और गरमा गया, जिसमें घायल सत्यभान दरोगा पर छत से धक्का देने का आरोप लगाते दिख रहे हैं।
परिजन और बसपा पदाधिकारी मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से पहले दरोगा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने, 50 लाख रुपये मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग पर अड़े रहे।
लगभग चार घंटे के हंगामे के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआई राहुल सिसोदिया एवं एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
घटना के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

