• Wed. May 20th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

यूपी में शादी की जिद पर प्रेमिका बेरहमी से हत्या, सिर काटकर ले गया आरोपी

ByTen News One Desk

Dec 16, 2025
100 Views

यूपी में शादी की जिद पर प्रेमिका बेरहमी से हत्या, सिर काटकर ले गया आरोपी



सहारनपुर / यमुनानगर: उत्तर प्रदेश और हरियाणा को दहला देने वाला एक खौफनाक हत्याकांड सामने आया है। प्रेम प्रसंग में फंसे एक टैक्सी चालक ने अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले महिला की गर्दन काटी, फिर उसका सिर अपने साथ ले गया और बाद में जंगल में फेंक दिया। यह जघन्य वारदात 6 दिसंबर को यमुनानगर के कलेसर जंगल के पास अंजाम दी गई थी, जिसका खुलासा पुलिस ने अब किया है।

सीसीटीवी से खुली हत्या की गुत्थी

यमुनानगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस हथिनीकुंड तक पहुंची, जहां से कुछ मोबाइल नंबर ट्रेस किए गए। जांच की कड़ियां जुड़ते हुए पुलिस सहारनपुर के नकुड़ थाना क्षेत्र के टिडोली गांव पहुंची, जहां से मुख्य आरोपी बिलाल को गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रेमिका की गर्दन काटकर की हत्या

पुलिस के अनुसार, टिडोली गांव निवासी टैक्सी चालक बिलाल ने देहात कोतवाली क्षेत्र की गंगोत्री कॉलोनी में रहने वाली अपनी प्रेमिका उमा (30) की गर्दन काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी महिला का सिर काटकर अपने साथ ले गया था।

शादी की जिद बनी हत्या की वजह

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उमा उससे शादी करना चाहती थी और लगातार दबाव बना रही थी। वहीं बिलाल की शादी उसके परिवार ने कहीं और तय कर दी थी। 14 दिसंबर को उसकी बरात जानी थी। इसी तनाव के चलते आरोपी ने शादी से करीब एक सप्ताह पहले प्रेमिका की हत्या कर दी।

जंगल में फेंका सिर, कपड़े भी बरामद

आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने महिला का सिर पॉलीथिन में डालकर रात के अंधेरे में जंगल में फेंक दिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हिमाचल-हरियाणा सीमा के लालढांग क्षेत्र से सिर बरामद कर लिया है। इसके अलावा कलेसर जंगल से महिला के कपड़े और शाल भी बरामद किए गए हैं। हालांकि, हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार अभी बरामद होना बाकी है।

पहले से शादीशुदा थी महिला

पुलिस के अनुसार, उमा पहले से शादीशुदा थी और दो साल पहले पति से विवाद के चलते गंगोत्री कॉलोनी में अकेली रह रही थी। उसका 10 साल का बेटा पिता के साथ रहता था। आरोपी बिलाल और उमा करीब दो साल पहले संपर्क में आए थे और कुछ समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे। उमा का खर्च भी बिलाल ही उठाता था।

शव की नहीं हो पाई थी पहचान

यमुनानगर एसपी कमलदीप ने बताया कि 7 दिसंबर को प्रतापनगर क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में एक नर्सरी से महिला का सिर कटा शव मिला था। छह दिन तक शिनाख्त नहीं होने पर शुक्रवार को सामाजिक संस्था की मदद से शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया था।

पड़ोसियों की जानकारी से पुलिस पहुंची आरोपी तक

पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि 6 दिसंबर को बिलाल कार लेकर उमा को लेने आया था। उस समय उमा काफी खुश थी और उसने कहा था कि बिलाल उससे शादी करेगा। इसके बाद वह कभी वापस नहीं लौटी। इसी जानकारी और सहारनपुर नंबर की कार के आधार पर पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई।

जांच जारी

फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और हत्या में इस्तेमाल हथियार की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!