इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी ने फूंका चुनावी बिगुल, रायबरेली में ‘जन चौपाल’ का आयोजन
टेन न्यूज़ ii 08 फरवरी 2026 ii वसीम खान ब्यूरो, रायबरेली।
आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी ने अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में पार्टी द्वारा ग्राम कोड़रा (खिजराबाद) में एक विशाल जन चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और आम जनता की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाना बताया गया।
चौपाल को संबोधित करते हुए पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी प्राथमिकता आम लोगों को राजनीतिक रूप से जागरूक कर उन्हें निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा बनाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी गांव-गांव संवाद कार्यक्रम आयोजित कर जनसमर्थन का आधार मजबूत करेगी।
कार्यक्रम में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर भी रणनीति पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से पंचायत स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए इसे संगठन विस्तार की पहली सीढ़ी बताया। उनका कहना था कि पंचायतों से उभरने वाला नेतृत्व ही आगे विधानसभा चुनावों में पार्टी की मजबूती बनेगा।
पार्टी नेताओं ने जानकारी दी कि कोड़रा से शुरू हुआ यह जनसंपर्क अभियान अब जिला और मंडल स्तर तक विस्तारित किया जाएगा। अभियान का समापन लखनऊ में प्रस्तावित एक बड़ी जनसभा के साथ करने की योजना है, जहां पार्टी अपनी व्यापक चुनावी रणनीति सार्वजनिक करेगी।
इस दौरान नेताओं ने अन्य राजनीतिक दलों के साथ संभावित गठबंधन के संकेत भी दिए। उन्होंने कहा कि जनशक्ति का प्रदर्शन भविष्य की राजनीतिक साझेदारियों की दिशा तय करेगा।
वक्ताओं ने दावा किया कि पार्टी वर्ष 2027 में बनने वाली सरकार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लक्ष्य के साथ अभी से संगठन निर्माण में जुटी है।
जन चौपाल में पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें राम लखन कोरी (राष्ट्रीय सचिव/प्रभारी), राजेश विश्वकर्मा (प्रदेश सचिव), गोवर्धन लाल (जिला उपाध्यक्ष), विनय कुमार त्यागी, राजकमल कोरी, सुनील कुमार कोरी, रामदीन कोरी, शिवदीन, छविनाथ और राम किशन शामिल रहे।
कार्यक्रम में महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। श्रीमती शकुंतला, जगदेई, कमला, रामवती, आरती और
सावित्री सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।
टेन न्यूज के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट।






