समाधान दिवस में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और सीओ ने सुनीं जनसमस्याएं![]()
आठ शिकायतें प्राप्त, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
टेन न्यूज़।। 12 सितंबर 2026 ।। ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। अजीतमल कोतवाली परिसर में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें ज्वाइंट मजिस्ट्रेट विनोद कुमार मीणा एवं क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में कुल आठ शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों पर विशेष ध्यान दिया गया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने नायब तहसीलदार अशोक कुमार तथा संबंधित कानूनगो और लेखपालों को शिकायतों का समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए टीमें गठित कर मौके पर जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति का पता लगाकर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
इस दौरान गौहानी कला निवासी जय नारायण ने अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। छीतापुर निवासी फुंदी लाल ने सरकारी नाली से संबंधित समस्या अधिकारियों के सामने रखी। बीसलपुर निवासी अभिलाख वती ने गाटा संख्या 114 पर कब्जा हटवाने की मांग की, जबकि फूलपुर निवासी अजय कुमार मिश्रा ने मेड़ तोड़े जाने की शिकायत दर्ज कराई।
अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही, राजस्व संबंधी मामलों में स्थलीय जांच कर निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
समाधान दिवस में कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार, क्राइम निरीक्षक राम चंद्र वर्मा, सभी चौकी प्रभारी, राजस्व निरीक्षक तथा समस्त लेखपाल मौजूद रहे।