कन्नौज पुलिस ने बरामद किए 151 खोए मोबाइल, मालिकों को सौंपे

करीब 40 लाख रुपये बताई गई कीमत, सीईआईआर पोर्टल की मदद से सर्विलांस टीम को मिली सफलता
टेन न्यूज़ !! ०५ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो , कन्नौज यूपी
कन्नौज। जनपद की सर्विलांस टीम ने खोए हुए 151 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है। पांच नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के बाद मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे।
पुलिस के अनुसार, सर्विलांस टीम ने भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से इन मोबाइल फोन को बरामद किया। बरामद मोबाइल फोन क्षेत्राधिकारी लाइन शिल्पा वर्मा ने संबंधित मोबाइल धारकों को सुपुर्द किए।
लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों ने खुशी जाहिर की और कन्नौज पुलिस का आभार व्यक्त किया। कई मोबाइल धारकों ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ फोन वापस मिल पाएगा, लेकिन पुलिस के प्रयासों से उन्हें अपना मोबाइल दोबारा मिल गया।![]()
मोबाइल खोने पर ऐसे दर्ज कराएं शिकायत
इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन शिल्पा वर्मा ने लोगों को मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई। उन्होंने बताया कि सबसे पहले यूपी कॉप ऐप या संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं। इसके बाद पहचान पत्र, मोबाइल बिल और शिकायत संबंधी दस्तावेजों के साथ सीईआईआर पोर्टल की वेबसाइट www.ceir.gov.in पर जाकर गुम या चोरी हुए मोबाइल को ब्लॉक कराने का अनुरोध करें।
बरामदगी करने वाली टीम
इस कार्रवाई में प्रभारी सर्विलांस निरीक्षक प्रदीप सिंह, हेड कांस्टेबल अजय सिंह, कांस्टेबल शिवराज यादव, शुभम कुमार, दीपक गुर्जर, शुभम बालियान और अभिषेक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट।