• Tue. Jun 23rd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कटरा नपा उपचुनाव शांतिपूर्ण सम्पन्न, 41.78% मतदान दर्ज

ByTen News One Desk

May 5, 2026
214 Views

कटरा नपा उपचुनाव शांतिपूर्ण सम्पन्न, 41.78% मतदान दर्ज


टेन न्यूज़ ii 05 मई 2026 ii डीपी सिंह,डेस्क@पप्पू अंसारी
शाहजहांपुर/मीरानपुर कटरा। कटरा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव गहमा-गहमी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गया।

इस बार कुल 41.78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नगर पंचायत में कुल 31,465 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 16,807 पुरुष और 14,658 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान के दौरान कुल 13,147 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसमें 7,379 पुरुष और 5,768 महिला मतदाता रहे।

सुबह 8 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 5 बजे तक चला। 16 वार्डों के लिए 12 स्थानों पर बनाए गए 33 मतदान केंद्रों पर वोटिंग कराई गई। शुरुआती घंटों में मतदान की रफ्तार धीमी रही, लेकिन दोपहर बाद केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ बढ़ती नजर आई।

कुछ केंद्रों—विशेष रूप से स्वामी धर्मदेव प्रभाकर जनता इंटर कॉलेज और आर्य कन्या इंटर कॉलेज—पर निर्धारित समय के बाद भी मतदान जारी रहा, ताकि कतार में लगे सभी लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सभी मतदान केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम और क्षेत्राधिकारी (सीओ) की टीमें लगातार मतदान स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करती रहीं। जबकि जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने भी मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर वोटिंग का जायजा लिया।

हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की नोकझोंक और आरोप-प्रत्यारोप की स्थिति भी सामने आई, लेकिन पुलिस की सक्रियता से हालात तुरंत नियंत्रित कर लिए गए। कहीं से भी किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

मतदान समाप्ति के बाद मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच तहसील तिलहर स्थित स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवा दिया गया है। अब सभी की नजरें 7 मई को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जहां प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!