• Sat. Jun 20th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

बदहाल बिजली व्यवस्था से उबल रहा कटरा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी आंदोलन की चेतावनी

ByTen News One Desk

Jun 20, 2026
8 Views

बदहाल बिजली व्यवस्था से उबल रहा कटरा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी आंदोलन की चेतावनी


टेन न्यूज़ !! २० जून २०२६ !! पप्पू अंसारी

मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर): भीषण गर्मी के बीच नगर की चरमराई विद्युत व्यवस्था ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। घंटों की अघोषित कटौती, लो-वोल्टेज और बार-बार होने वाले फॉल्ट से परेशान नगरवासियों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है।

शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कटरा पावर हाउस पहुंचकर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और जूनियर इंजीनियर (जेई) को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की।

कांग्रेस नगर अध्यक्ष अच्छन खान ने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को रात-रात भर जागना पड़ रहा है। साथ ही बिजली संकट के कारण पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है, क्योंकि जलापूर्ति पूरी तरह बिजली पर निर्भर है।

जिला सचिव अजीम अंसारी ने आरोप लगाया कि नगर में बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन देकर अपनी जिम्मेदारी से बच रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी जनहित में सड़क पर उतरकर आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब उपभोक्ता समय से बिजली बिल जमा कर रहे हैं, तो निर्बाध बिजली आपूर्ति उनका अधिकार है। मौजूदा स्थिति में विभाग की कार्यप्रणाली गंभीर सवालों के घेरे में है।

ज्ञापन सौंपने वालों में आमिर खान, सोहेल अहमद, फिरोज अली, मोहम्मद यामीन, तालिब खान, मोहम्मद वाजिद, मोहम्मद आसिफ, नाजिम बेग और मुश्ताक खान सहित कई कार्यकर्ता एवं नगरवासी मौजूद रहे।

वहीं, जेई और उनके सहयोगी बृजेश गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि समस्याओं का शीघ्र समाधान कर बिजली व्यवस्था बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि नगरवासियों का कहना है कि अब उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सुधार चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!