कटरा में जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस की चपेट में आए बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत
♦
टेन न्यूज़ ii 19 जून 2026 ii पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर। मीरानपुर कटरा क्षेत्र के लखनऊ-दिल्ली रेलमार्ग स्थित कसरक रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुए बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर थाना क्षेत्र के ग्राम काजीपुर चिकटिया निवासी अनुज कुमार सिंह (30 वर्ष) गुरुवार शाम करीब 7 बजे बाइक से खुदागंज क्षेत्र के ग्राम नवादा दरोवस्त जा रहे थे। बाइक पर उनकी मां भी सवार थीं।
बताया जाता है कि कसरक रेलवे क्रॉसिंग पर बंद गेट पार करने के दौरान डाउन लाइन पर आ रही जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस की चपेट में आने से अनुज गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद रेलवे चौकी प्रभारी नरवीर सिंह ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बरेली रेफर कर दिया, जहां मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सेंगर ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।