रायबरेली में जमीनी विवाद बना जंग का मैदान, फायरिंग के आरोप से सनसनी; युवक गंभीर घायल
टेन न्यूज़ ii 02 मई 2026 ii रायबरेली से वसीम खान (ब्यूरो)
लोकेशन: रायबरेली
रायबरेली। जनपद के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के झाबर हरदो पट्टी गांव में शनिवार को जमीनी विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पीड़ित पक्ष ने विपक्षियों पर फायरिंग करने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि गांव में प्रधान प्रतिनिधि और दूसरे पक्ष के बीच लंबे समय से भूमि को लेकर विवाद चला आ रहा था। शनिवार को अचानक दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। लाठी-डंडों से हुए हमले में एक युवक बुरी तरह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के दौरान दहशत फैलाने के लिए फायरिंग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। क्षेत्राधिकारी लालगंज अमित कुमार सिंह ने बताया कि मारपीट की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। घायल का इलाज कराया जा रहा है और फायरिंग के आरोपों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
टेन न्यूज के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट
