निबड़िया रेलवे क्रॉसिंग पर मेंटीनेंस शुरू, सात दिन बंद रहेगा रास्ता

2 दिसंबर तक समपार संख्या 345-C से नहीं गुजरेंगे वाहन, 346-C से मिलेगा वैकल्पिक रास्ता
टेन न्यूज़ !! २७ नवम्बर २०२६ !! मुनीश चन्द्र शर्मा ब्यूरो ,
फतेहगंज पूर्वी/बरेली। निबड़िया रेलवे क्रॉसिंग पर गुरुवार से रेलवे ट्रैक के नवीनीकरण का काम शुरू हो गया है। उत्तर रेलवे की ओर से समपार संख्या 345-C की अप लाइन पर टीआरटी मशीन से कम्प्लीट ट्रैक रिन्यूअल (सीटीआर) का कार्य कराया जा रहा है। इसके चलते 26 नवंबर से 2 दिसंबर तक सात दिनों के लिए क्रॉसिंग पर सड़क यातायात बंद रहेगा।
रेलवे की ओर से जारी आदेश के अनुसार, मेंटीनेंस कार्य पूरा होने तक इस मार्ग से वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालकों को समपार संख्या 346-C से होकर वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करना होगा। संबंधित विभागों को यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
क्रॉसिंग बंद रहने से आसपास के गांवों के ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो सकती है। रेलवे ने निर्धारित अवधि में कार्य पूरा कराने की तैयारी की है। वाहन चालकों से अपील है कि वे यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें।