रायबरेली में पुलिस का बड़ा एक्शन: दो मुठभेड़ों में इनामी बदमाश घायल, पैर में लगी गोली

टेन न्यूज़ !! २५ मार्च २०२६ !! वसीम खान ब्यूरो, रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बीते 24 घंटों में थाना नसीराबाद और बछरावां क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों में अंतरजनपदीय गिरोह के दो सक्रिय बदमाशों को घायल कर गिरफ्तार किया गया है। दोनों के पैर में गोली लगी है और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार पहली मुठभेड़ नसीराबाद थाना क्षेत्र में हुई। यहां पुलिस ने संदिग्ध बदमाश की घेराबंदी की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिससे बदमाश घायल हो गया। वहीं दूसरी मुठभेड़ बछरावां थाना क्षेत्र में हुई, जहां एक अन्य शातिर अपराधी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया। इस दौरान उसे भी पैर में गोली लगी।
पूरे मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि पकड़े गए दोनों अपराधी अंतरजनपदीय गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। इनका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और ये लूट व हत्या जैसी गंभीर वारदातों में शामिल रहे हैं। पुलिस काफी समय से इनकी तलाश कर रही थी।
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों को काबू में कर लिया गया, जबकि उनके अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जिससे गिरोह से जुड़े अन्य अपराधों का खुलासा होने की संभावना है।
फिलहाल घायल बदमाशों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रिपोर्ट: वसीम खान, ब्यूरो रायबरेली (टेन न्यूज)






