• Sun. Apr 12th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

मानव जीवन कल्याण समिति ने चलाया यातायात जागरूकता अभियान, नियम पालन करने वालों को किया सम्मानित

ByTen News One Desk

Feb 15, 2026
139 Views

मानव जीवन कल्याण समिति ने चलाया यातायात जागरूकता अभियान, नियम पालन करने वालों को किया सम्मानित


टेन न्यूज़ !! १५ फरवरी २०२६ !! पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर।

पुलवामा शहीदों की याद में मानव जीवन कल्याण समिति द्वारा नगर में शनिवार को यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का शुभारंभ समिति के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया।

समिति के सदस्यों ने नगर के मुख्य चौराहे और ओवरब्रिज चौराहे पर वाहनों को रोक-रोककर चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने और नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की गई। नियमों का पालन करते पाए गए चालकों को पुष्प भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

समिति के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने कहा कि 14 फरवरी 2019 को हमारे वीर जवानों ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी। जब हमारे सैनिक दिन-रात हमारी सुरक्षा में तैनात रहते हैं, तो हमारा भी कर्तव्य है कि हम अपने जीवन की सुरक्षा के प्रति सजग रहें। यातायात नियमों की अनदेखी के कारण कई परिवारों के घरों के चिराग बुझ जाते हैं। इसलिए सभी को संयम और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाना चाहिए, ताकि स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।

इस दौरान यातायात पुलिस हेड कांस्टेबल अभिषेक ने कहा कि जीवन अनमोल है, जीवन से खिलवाड़ न करें और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने लोगों से अपील की कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें।

हेड कांस्टेबल ने ओवरब्रिज चौराहे पर आड़ी-तिरछी खड़ी की जा रही रोडवेज बसों पर नाराजगी जताई। उन्होंने बस चालकों को सख्त निर्देश दिए कि बसों को केवल निर्धारित बस अड्डे पर ही खड़ा किया जाए। चौराहे पर बस खड़ी करने से जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटना का खतरा बढ़ता है। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने पर चालान की कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान हेड कांस्टेबल अभिषेक, हेड कांस्टेबल संजीव, कांस्टेबल अंकित, कांस्टेबल रोहित, कांस्टेबल करन, कांस्टेबल अमित सहित समिति के पदाधिकारी सुरेश शर्मा एडवोकेट, गौरव कुमार एडवोकेट, पवन शर्मा एडवोकेट, अभय राजपूत, विपिन यादव, देवेंद्र यादव, दिलीप यादव, राकेश कुमार, विवेक सक्सेना आदि मौजूद रहे।

अभियान के माध्यम से नगरवासियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *