• Mon. May 25th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

मीरानपुर कटरा में ‘कूड़ा धन’ कार्यशाला का सफल आयोजन, छात्रों को सिखाया कचरा प्रबंधन का महत्व

ByTen News One Desk

Feb 15, 2026
182 Views

मीरानपुर कटरा में ‘कूड़ा धन’ कार्यशाला का सफल आयोजन, छात्रों को सिखाया कचरा प्रबंधन का महत्व


टेन न्यूज़ !! १५ फरवरी २०२६ !! पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर ।


नगर पंचायत कटरा एवं ग्रीन फ्यूचर कलेक्टिव के संयुक्त तत्वावधान में जलालाबाद रोड स्थित स्वामी नंदकिशोर आचार्य बाल विद्या मंदिर स्कूल परिसर में ‘कूड़ा धन’ विषय पर जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा नगर पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यशाला की शुरुआत कचरा प्रबंधन की वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डालते हुए की गई। वक्ताओं ने बताया कि घरों में गीले और सूखे कचरे को एक साथ फेंकने से पर्यावरण प्रदूषण, दुर्गंध, बीमारियों का खतरा और उपयोगी संसाधनों की बर्बादी जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न होती हैं। उन्होंने छात्रों को कचरे के वैज्ञानिक और व्यवस्थित निस्तारण की आवश्यकता समझाई।

कार्यक्रम में कचरे को स्रोत पर ही पृथक करने, गीले कचरे से खाद बनाने तथा सूखे कचरे के पुनर्चक्रण की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी गई। छात्रों को बताया गया कि यदि हर परिवार कचरा पृथक्करण की आदत अपनाए तो ‘कूड़ा’ वास्तव में ‘धन’ में परिवर्तित हो सकता है और नगर को स्वच्छ व स्वस्थ बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी काजल यादव ने किया। इस अवसर पर आईईसी टीम ग्रीन फ्यूचर कलेक्टिव के सुपरवाइजर आकाश द्विवेदी, नेहा सक्सैना, मयंक शर्मा, नितिन यादव एवं नितिन गुप्ता सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने मिलकर कार्यशाला को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को स्वच्छता बनाए रखने, गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा अपने घर और मोहल्ले में भी जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस पहल से छात्रों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति उत्साह और जिम्मेदारी की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!