मायके में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दो साल पहले हुई थी शादी

बीमारी के बाद तिर्वा मेडिकल कॉलेज में कराया गया था इलाज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
टेन न्यूज़ !! २७ नवम्बर २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो,
औरैया। बेला थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव स्थित मायके में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवाहिता की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। उसकी एक छोटी पुत्री भी है।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर गांव निवासी उदय नारायण पाल सिंह की पुत्री रोशनी की शादी करीब दो वर्ष पहले फर्रुखाबाद जनपद के असगरपुर निवासी पुष्पेंद्र पाल के साथ हुई थी। बताया गया कि ससुराल में रोशनी की तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद 11 नवंबर को पति उन्हें बीमार अवस्था में मायके छोड़ गए थे। पिता ने उन्हें तिर्वा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था, जहां उपचार के बाद चिकित्सकों ने छुट्टी दे दी थी।
परिजनों के मुताबिक, देर रात घर पर अचानक रोशनी की तबीयत फिर बिगड़ गई। परिवार के लोगों ने उपचार का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की।
विवाहिता की मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। थाना प्रभारी निरीक्षक अमर बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
मृतका अपने पीछे एक मासूम पुत्री छोड़ गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल, औरैया।