कंप्यूटर खराब होने से कंचौसी रेलवे स्टेशन पर टिकट वितरण ठप, यात्री परेशान

एकमात्र अनारक्षित टिकट काउंटर पर नहीं मिल रहे टिकट, फरक्का और ऊंचाहार एक्सप्रेस के यात्रियों को दूसरे स्टेशनों पर दिलाए जा रहे टिकट
टेन न्यूज़ !! २७ नवम्बर २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो,
औरैया। जनपद के कंचौसी रेलवे स्टेशन पर यूटीएस कंप्यूटर सिस्टम में तकनीकी खराबी आने से अनारक्षित टिकट वितरण व्यवस्था बाधित हो गई है। इसके चलते यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टिकट काउंटर पर लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन टिकट नहीं मिलने के कारण कई यात्रियों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
कंचौसी स्टेशन पर अनारक्षित टिकट बिक्री के लिए केवल एक ही काउंटर है। ऐसे में कंप्यूटर खराब होने से पूरी व्यवस्था प्रभावित हो गई है। यात्रियों को अपनी यात्रा के लिए टिकट नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे उन्हें दूसरे स्टेशनों से टिकट लेने की परेशानी उठानी पड़ रही है।
यात्री विनोद कुमार, पिंटू सविता, अनमोल गुप्ता और देवेश पालीवाल ने बताया कि स्टेशन पर काफी देर इंतजार करने के बाद भी टिकट नहीं मिल रहे हैं। इससे उनकी यात्रा प्रभावित हो रही है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से कंप्यूटर की खराबी जल्द दूर कर टिकट वितरण शुरू कराने की मांग की है।
स्टेशन मास्टर सतीश कुमार ने बताया कि कंप्यूटर सिस्टम में तकनीकी खराबी आने के कारण टिकट जारी नहीं हो पा रहे हैं। इसकी जानकारी स्टेशन अधीक्षक दरबारी कुमार की ओर से उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि फरक्का एक्सप्रेस और ऊंचाहार एक्सप्रेस से यात्रा करने वाले यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराने के लिए कानपुर सेंट्रल, फफूंद, भरथना और इटावा रेलवे स्टेशनों पर ट्रेन रुकवाकर टिकट दिलाए जा रहे हैं।
यात्रियों ने मांग की है कि रेलवे प्रशासन जल्द तकनीकी खराबी दूर कराए, ताकि कंचौसी स्टेशन पर टिकट वितरण व्यवस्था सामान्य हो सके और उन्हें दूसरे स्टेशनों पर भटकना न पड़े।
ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल, औरैया।