तिलहर में केमिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के साथ ड्रग इंस्पेक्टर की बैठक, दवा विक्रेताओं को मानक पूरे रखने के निर्देश

टेन न्यूज़ !! २६ मई २०२६ !! अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर
तिलहर में केमिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से आयोजित बैठक में ड्रग इंस्पेक्टर शालिनी मित्रा ने फुटकर एवं थोक दवा विक्रेताओं को विभागीय मानकों का पूर्ण रूप से पालन करने के निर्देश दिए। नगर के बेलकम मैरिज हॉल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन अध्यक्ष डॉ. पीर मोहम्मद अंसारी ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. पीर मोहम्मद अंसारी ने कहा कि सभी दवा व्यापारियों को शासनादेश एवं औषधि विभाग के नियमों का पूरी तरह पालन करना चाहिए। साथ ही संबंधित दस्तावेज एवं मानक के अनुरूप व्यवस्थाएं दुरुस्त रखनी जरूरी हैं।![]()
ड्रग इंस्पेक्टर शालिनी मित्रा ने मेडिकल स्टोर संचालकों को एच-वन रजिस्टर, कैश मेमो, एक्सपायरी दवाओं का अलग रिकॉर्ड रखने तथा दुकान पर फ्रिज और ड्रग लाइसेंस की छायाप्रति चस्पा करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानों पर लैपटॉप, प्रिंटर और सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी जोर दिया, ताकि दवा बिक्री और रिकॉर्ड प्रणाली पारदर्शी बनी रहे।
बैठक में कोषाध्यक्ष प्रदीप रस्तोगी, महामंत्री पवन सहाय, उपाध्यक्ष फरीद मोहम्मद, राजवीर गंगवार, विक्की, नगर सचिव बाबर, पप्पू, नौशाद, खलीक अहमद, अरुण कुमार रस्तोगी, अमानुल्ला अंसारी सहित कई सदस्य मौजूद रहे।