• Mon. Jun 8th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने कम्पोजिट विद्यालय बरहा में चौपाल का किया आयोजन

ByTen News One Desk

Jun 8, 2026
2 Views

राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने कम्पोजिट विद्यालय बरहा में चौपाल का किया आयोजन


Ten News !! 08 June 2026 !! रामचंद्र सक्सेना, जिला ब्यूरो चीफ, पीलीभीत

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के मा0 राज्यमंत्री श्री संजय सिंह गंगवार ने विकासखंड ललौरीखेड़ा अंतर्गत कम्पोजिट विद्यालय बरहा में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय परिसर में खेल मैदान एवं विज्ञान पार्क भूमि का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मा0 मंत्री ने कहा कि विज्ञान पार्क एक अनूठी पहल है, जो स्कूली बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामूहिक विवाह योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी।

चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने बारात घर निर्माण की मांग रखी, जिस पर मा0 मंत्री ने तहसीलदार को भूमि चिन्हांकन कर आवंटन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि भूमि उपलब्ध होते ही बारात घर का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा ग्रामीणों द्वारा असम रोड से रेलवे फाटक तक सड़क निर्माण की मांग भी उठाई गई, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के उपरांत मा0 राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, ब्लॉक प्रमुख ललौरीखेड़ा अजय सिंह गंगवार, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस दौरान मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने की अपील की।

कार्यक्रम में बरहा की एक बालिका को नवोदय विद्यालय में चयनित होने पर शील्ड देकर सम्मानित किया गया। वहीं राष्ट्रीय आविष्कार अभियान परीक्षा में जनपद टॉपर रहे छात्र को इसरो, बेंगलुरु की हवाई यात्रा हेतु सम्मानित किया गया। यातायात सप्ताह के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रधान एवं ग्राम सचिव को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, उपायुक्त स्वतः रोजगार, तहसीलदार सदर, खंड विकास अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!