तिलहर में विवाह के ढाई माह बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

टेन न्यूज़ !! १८ जुलाई २०२६ !! अमुक सक्सेना
तिलहर (शाहजहांपुर)। तिलहर थाना क्षेत्र के गांव पिपरौली में शादी के करीब ढाई माह बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटककर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मायके पक्ष ने दहेज की मांग को लेकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति, सास और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव पिपरौली निवासी शक्ति सिंह उर्फ गोलू की 24 वर्षीय पत्नी उषा देवी शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे घर के कमरे में छत के कुंडे से साड़ी के सहारे लटकी मिलीं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रिंस शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तहसील सदर के नायब तहसीलदार प्रशांत कुमार, लेखपाल एवं फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पिता राजीव, निवासी गांव आजमाबाद बिहारीपुर, ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी पुत्री उषा का विवाह 1 मई को हिंदू रीति-रिवाज से शक्ति सिंह उर्फ गोलू के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही पति, सास और ससुर दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे तथा मारपीट करते थे। उन्होंने बताया कि उषा कुछ समय से मायके में रह रही थी और गुरुवार को ही विदा होकर ससुराल पहुंची थी। अगले ही दिन उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पहले उसकी हत्या की गई और बाद में शव को फंदे से लटका दिया गया।
घटना के बाद पुलिस ने पति, सास और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उषा की मौत से परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) इशिका सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके पक्ष की तहरीर प्राप्त हो गई है। पति, सास और ससुर से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।