• Wed. Nov 25th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक प्रशिक्षण के दूसरे दिन युवा मंडल गठन पर दिया गया प्रशिक्षण

ByTen News One Desk

Nov 24, 2026
8 Views

राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक प्रशिक्षण के दूसरे दिन युवा मंडल गठन पर दिया गया प्रशिक्षण


माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया समझाई, युवाओं को सामाजिक और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने पर जोर


टेन न्यूज़ !! २४ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत की ओर से उत्तर प्रदेश गन्ना किसान संस्थान प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित छह दिवसीय राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन माय भारत पोर्टल पर युवा मंडलों के गठन और पंजीकरण की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में युवाओं को संगठित कर सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।

प्रशिक्षण में हाथरस, अमरोहा, लखीमपुर खीरी और संभल जनपदों से आए चयनित राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों ने प्रतिभाग किया। लखीमपुर खीरी के जिला युवा अधिकारी संकल्प शुक्ला ने मुख्य प्रशिक्षक के रूप में माय भारत पोर्टल की कार्यप्रणाली समझाई। उन्होंने युवा मंडल बनाने, नए सदस्यों का पंजीकरण करने और मंडल की गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने की प्रक्रिया व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से बताई।

संकल्प शुक्ला ने कहा कि युवा मंडल युवाओं की सामूहिक शक्ति को सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी माध्यम हैं। इनके जरिए स्वच्छता, पर्यावरण और जल संरक्षण, नशामुक्ति, मतदाता जागरूकता, स्वास्थ्य तथा शिक्षा जैसे विषयों पर जनभागीदारी बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने स्वयंसेवकों से अपने-अपने जनपदों में अधिक से अधिक युवाओं को पोर्टल से जोड़ने और सक्रिय युवा मंडलों का गठन कराने की अपील की।

मेरा युवा भारत, शाहजहांपुर के उप निदेशक माहे आलम ने कहा कि राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक युवाओं और समाज के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्हें नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना जगाने और उन्हें राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन, सामूहिक कार्य, नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल और जनसंपर्क जैसे विषयों पर भी मार्गदर्शन दिया गया। प्रतिभागियों ने पोर्टल पर पंजीकरण और युवा मंडल गठन से जुड़े सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

इस अवसर पर बहुउद्देशीय कर्मचारी देवेश कुमार, प्रशिक्षक सुरेश चंद आर्य तथा चिकित्सा दल से डॉ. नव्या सिंह और विकास पराशर उपस्थित रहे।

छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य स्वयंसेवकों की कार्यक्षमता, नेतृत्व और संगठनात्मक क्षमता विकसित करना है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में युवाओं को संगठित कर सामाजिक एवं राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी बढ़ा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!