दो किलो अफीम के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बाइक और नकदी भी की बरामद

बंडा थाना पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई, हाईवे पर ट्रक चालकों को नशीला पदार्थ बेचने की बात कबूली
टेन न्यूज़ !! २४ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर। बंडा थाना पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को दो किलोग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, दो हजार रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर की रात थाना बंडा की टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बंडा-पुवायां मार्ग से सिकंदरपुर जाने वाले रास्ते पर करीब 50 मीटर की दूरी से विजय पुत्र रामभरोसे को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी रात करीब 10:35 बजे की गई।
पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद सफेद पॉलीथिन से दो किलोग्राम अफीम बरामद की। इसके अलावा एक मोबाइल फोन, दो हजार रुपये नकद और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई। गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 35 वर्ष बताई गई है। वह मूल रूप से शाहजहांपुर के परशुरामपुरी थाना क्षेत्र के प्रेमनगर का निवासी है और वर्तमान में पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के कुंदनपुर में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अनजान लोगों से कम दामों पर अफीम खरीदता था और हाईवे किनारे लोगों तथा ट्रक चालकों को बेचता था। पुलिस ने इस मामले में थाना बंडा में मुकदमा संख्या 529/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में बंडा थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी व उनकी टीम, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनीत कुमार, हेड कांस्टेबल वेदप्रकाश तथा कांस्टेबल दीपू शर्मा और आशीष कुमार शामिल रहे।