ऑनलाइन बुकिंग ठप, गैस सिलेंडर के लिए एजेंसी पर लगी लंबी लाइनें

टेन न्यूज़ !! १३ मार्च २०२६ !! अमुक सक्सेना, तिलहर, शाहजहाँपुर। क्षेत्र में इन दिनों रसोई गैस उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऑनलाइन गैस बुकिंग सिस्टम ठप होने के कारण उपभोक्ता गैस सिलेंडर बुक नहीं कर पा रहे हैं, जिससे एजेंसियों पर लोगों की लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं।
जानकारी के अनुसार गैस एजेंसी की ओर से साफ कर दिया गया है कि जब तक ऑनलाइन बुकिंग नहीं होगी, तब तक उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं दिया जा सकेगा। इसी वजह से सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग गैस एजेंसी के बाहर पहुंचकर इंतजार कर रहे हैं, लेकिन बुकिंग न होने के कारण कई लोगों को बिना सिलेंडर के ही वापस लौटना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम बंद होने से घरेलू रसोई पर संकट खड़ा हो गया है। अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो लोगों को और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
वहीं गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि सर्वर डाउन होने के कारण बुकिंग में दिक्कत आ रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने मोबाइल से लगातार बुकिंग करने का प्रयास करते रहें। बुकिंग होते ही उन्हें गैस सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा।
इधर क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन और गैस कंपनियों से मांग की है कि ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।






