गंदे नाले के पानी और अतिक्रमण से परेशान लोगों ने सौंपा ज्ञापन

सात दिन में समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी, नगरपालिका ईओ ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
टेन न्यूज़ !! २६ नवम्बर २०२६ !! रामू भाई खाजवानिया, ब्यूरो पाली राजस्थान
सोजत रोड, पाली। क्षेत्र में बिजलीघर के पास और पशु चिकित्सालय के निकट लंबे समय से गंदे नाले के पानी की निकासी बाधित होने तथा अतिक्रमण की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने आया। गुरुवार को बड़ी संख्या में वार्डवासी नगरपालिका कार्यालय पहुंचे और अधिशासी अधिकारी विशाल सिंह को ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। ![]()
पार्षद जिनेंद्र भाटी और देवेंद्र पंवार ने बताया कि सोजत रोड के मुख्य नाले में पर्याप्त निकासी नहीं होने और नाला संकरा होने के कारण गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है। इससे आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से बीमारियों का खतरा बना हुआ है। लोगों का कहना है कि सड़क पर पानी भरा रहने से आमजन और स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
इसके साथ ही सियाट में नर्सरी के पास नाड़ी की भूमि पर कथित अतिक्रमण को नियमानुसार हटाने की मांग भी ज्ञापन में की गई। क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
लोगों ने चेतावनी दी कि यदि सात दिन के भीतर नाले की सफाई और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अधिशासी अधिकारी विशाल सिंह ने जल्द टीम भेजकर मौके का निरीक्षण कराने तथा नाले की सफाई और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस दौरान पूर्व उपसरपंच रूगराम सीरवी, शंकरलाल मालवीय लोहार, नेमाराम सीरवी, मगराज जलवानिया, ललित सेन, ताराराम प्रजापत सहित कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कालू भाई खजवाणिया, ब्यूरो चीफ पाली | TEN NEWS