संविधान दिवस पर प्रेम चन्द्र लॉ कॉलेज में युवा संवाद, 100 युवाओं ने किया प्रतिभाग

संविधान के मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों और विकसित भारत@2047 में युवाओं की भूमिका पर हुई चर्चा
टेन न्यूज़ !! २६ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
तिर्वा, कन्नौज। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, कन्नौज की ओर से प्रेम चन्द्र लॉ कॉलेज, बेहसर में जिला स्तरीय युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 100 विद्यार्थियों एवं युवाओं ने भाग लिया। इस दौरान युवाओं को संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक कर्तव्यों और विकसित भारत@2047 के संकल्प से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। नशा मुक्त भारत अभियान से संबंधित जागरूकता वीडियो दिखाया गया और सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया गया।![]()
जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने मेरा युवा भारत की ओर से संचालित गतिविधियों की जानकारी देते हुए युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों को अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. केपी त्रिपाठी ने टीबी मुक्त भारत अभियान और उसमें जनभागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. हेमेन्द्र सिंह ने शिक्षा, अनुशासन और संवैधानिक चेतना के प्रति जागरूक रहने की बात कही। अभिषेक पाण्डेय ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की भूमिका पर विचार रखे। जिला पंचायत सदस्य इंद्रेश यादव भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
युवा संवाद के दौरान प्रतिभागियों को लोकतंत्र, संविधान और विकसित भारत के विभिन्न विषयों पर विचार रखने का अवसर मिला। युवा आइकॉन विजय ने संवैधानिक मूल्यों और नागरिक सहभागिता पर प्रस्तुति दी। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर योगेन्द्र यादव और मन्नत ने सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं जिम्मेदार उपयोग का संदेश दिया। खेल आइकॉन मोहित वर्मा ने युवाओं को खेल और फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। मोहम्मद मुनव्वर ने सामाजिक एवं राष्ट्रीय सरोकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। महाविद्यालय प्रबंधक राकेश कुमार ने शिक्षा और सकारात्मक सोच के माध्यम से समाज के विकास में योगदान देने की बात कही।
कार्यक्रम में अतिथियों, प्राध्यापकों और युवाओं ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही नशा मुक्त भारत अभियान के तहत परिवार और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लेने की अपील की गई।
कार्यक्रम का संचालन मेरा युवा भारत के युवा स्वयंसेवक युगी कटियार ने किया। आयोजन को सफल बनाने में अंजलि श्रीवास्तव, नीलेश कुमार, शिवम सक्सेना, अस्मित कटियार, अख्या कटियार, वैष्णवी कटियार, आदित्य, पालक, विकास, गोल्डी, सुमित, श्याम सुंदर, आदर्श, रोहित, सचिन और दुर्गेश सहित अन्य स्वयंसेवकों ने सहयोग किया। अंत में युवाओं से संविधान के मूल्यों को व्यवहार में अपनाने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया। मेरा युवा भारत से जुड़ने के लिए युवा www.mybharat.gov.in पर पंजीकरण कर सकते हैं।