रेडक्रॉस शिविर में दिव्यांगजनों को मिलेंगे निशुल्क कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण

बढ़ती संख्या को देखते हुए शिविर 20 और 21 नवंबर तक बढ़ाया गया, ट्राईसाइकिल के लिए भी जमा होंगे आवेदन
टेन न्यूज़ !! १९ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़ ,
शाहजहांपुर। दिव्यांगजनों को निशुल्क कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से संचालित विशेष शिविर की अवधि दो दिन बढ़ा दी गई है। अब 20 और 21 नवंबर को भी पात्र दिव्यांगजन शिविर में पहुंचकर कृत्रिम अंगों के मापन और प्रत्यारोपण संबंधी प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। इसके साथ ही ट्राईसाइकिल और अन्य सहायक उपकरणों के लिए भी आवेदन लिए जाएंगे।
जिलाधिकारी एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष के नेतृत्व में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण कार्यालय के सहयोग से यह शिविर 16 नवंबर से मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर स्थित रेडक्रॉस सोसाइटी कार्यालय में संचालित है। 16 से 19 नवंबर तक बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों ने पहुंचकर कृत्रिम अंगों के मापन और प्रत्यारोपण संबंधी प्रक्रिया में भाग लिया।
रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने बताया कि शिविर में दिव्यांगजनों की बढ़ती संख्या और लगातार मिल रही मांग को देखते हुए इसे 20 और 21 नवंबर तक विस्तारित किया गया है। दिल्ली की सेंटर फैब्रिकेशन यूनिट की प्रोस्थेटिक एवं ऑर्थोटिक विशेषज्ञ टीम कृत्रिम अंगों के मापन और प्रत्यारोपण का कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि जिन दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल या अन्य सहायक उपकरणों की आवश्यकता है, वे भी शिविर में आवेदन जमा कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर जरूरतमंदों को भविष्य में निशुल्क उपकरण उपलब्ध कराने के लिए रेडक्रॉस सोसाइटी और संबंधित विभाग प्रयास करेंगे।
आवेदन के लिए दिव्यांगजनों को आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड, पासपोर्ट आकार का फोटो, मोबाइल नंबर और आय प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज लेकर मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर स्थित इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी कार्यालय पहुंचना होगा।
डॉ. जौहरी ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास के जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक शिविर की जानकारी पहुंचाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस सुविधा से वंचित न रहे।