“पीलीभीत पुलिस का बड़ा एक्शन प्लान! SP ने थानेदारों को दिए सख्त निर्देश, अपराधियों में मचा हड़कंप”

टेन न्यूज़ !! १३ मई २०२६ !! रामचंद्र सक्सेना ब्यूरो, पीलीभीत
पीलीभीत में पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन सभागार में सैनिक सम्मेलन एवं अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। सम्मेलन के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
अपराध समीक्षा बैठक में समस्त थाना प्रभारियों को कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने, अपराध नियंत्रण करने और लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। गौकशी से जुड़े मामलों में शत-प्रतिशत गिरफ्तारी तथा प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही मादक पदार्थों और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए गए।
बैठक में महिला एवं बाल यौन अपराधों से संबंधित लंबित मामलों, आईजीआरएस शिकायतों तथा अन्य जनशिकायतों की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। आगामी जनगणना-2027 को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को शांति व्यवस्था बनाए रखने और समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को व्यापारियों एवं दुकानदारों के साथ संवाद स्थापित कर बाजारों और प्रमुख चौराहों पर लगे CCTV कैमरों को 24×7 चालू रखने के निर्देश दिए। साथ ही वित्तीय संस्थानों और महत्वपूर्ण स्थानों पर नए CCTV कैमरे लगवाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर नताश गोयल सहित समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
— पीलीभीत जिला संवाददाता रामचंद्र सक्सेना
