• Fri. Nov 6th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कन्नौज में एमएसपी पर मक्का, बाजरा और धान की खरीद जारी

ByTen News One Desk

Nov 6, 2026
7 Views

कन्नौज में एमएसपी पर मक्का, बाजरा और धान की खरीद जारी


मक्का का 2410, बाजरा का 2900 और धान का 2441 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य निर्धारित, किसानों से ऑनलाइन पंजीकरण की अपील


टेन न्यूज़ !! ०६ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो , कन्नौज यूपी

कन्नौज। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जनपद में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर मक्का, बाजरा एवं धान की खरीद सरकारी क्रय केंद्रों के माध्यम से जारी है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ओम प्रकाश चंद्र ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी उपज सरकारी केंद्रों पर बेचने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अवश्य कराएं।

उन्होंने बताया कि मक्का एवं बाजरा की खरीद एक अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक तथा धान की खरीद 28 फरवरी 2027 तक की जाएगी। इस वर्ष मक्का का समर्थन मूल्य 2410 रुपये, बाजरा का 2900 रुपये, धान कॉमन का 2441 रुपये और धान ग्रेड-ए का 2461 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त धान की उतराई एवं छनाई के लिए 20 रुपये प्रति कुंतल की धनराशि देय है।

जनपद में 47 क्रय केंद्र संचालित

किसानों की सुविधा के लिए खाद्य विभाग की ओर से मक्का के नौ, बाजरा के नौ और धान के 29 क्रय केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। तहसील कन्नौज में मक्का और बाजरा के दो-दो तथा धान के चार केंद्र हैं। तिर्वा में मक्का और बाजरा के तीन-तीन तथा धान के 12 केंद्र संचालित हैं। छिबरामऊ तहसील में मक्का और बाजरा के चार-चार तथा धान के 13 क्रय केंद्र बनाए गए हैं।

जनपद में मक्का खरीद का लक्ष्य 1375 मीट्रिक टन, बाजरा का 800 मीट्रिक टन और धान का 32500 मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है।

अब तक 145 किसानों ने कराया धान के लिए पंजीकरण

जिला खाद्य विपणन अधिकारी के अनुसार, पांच नवंबर 2026 तक धान विक्रय के लिए 145, मक्का के लिए 10 और बाजरा के लिए 51 किसानों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। अब तक नौ किसानों से 379.40 कुंतल धान और तीन किसानों से 117.50 कुंतल बाजरा की खरीद की जा चुकी है। मक्का की खरीद अभी शुरू नहीं हुई है।

पंजीकरण के लिए पोर्टल की सुविधा

किसान धान, मक्का एवं बाजरा बेचने के लिए खाद्य विभाग के पोर्टल fcs.up.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा निकटवर्ती जनसेवा केंद्र, साइबर कैफे या धान क्रय केंद्र पर भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि जिन किसानों की फार्मर आईडी बन चुकी है, उनकी आईडी में दर्ज भूमि का विवरण पंजीकरण में शामिल किया जाएगा। यदि क्रॉप सर्वे में किसी भूमि पर फसल का विवरण उपलब्ध नहीं है तो किसान पोर्टल पर स्वयं फसल का चयन कर सकेंगे। क्रॉप सर्वे और किसान द्वारा दर्ज विवरण में अंतर होने पर संबंधित प्रकरण सत्यापन के लिए अधिकारी के लॉगिन पर भेजा जाएगा।

जिन किसानों की फार्मर आईडी में पूरी भूमि का विवरण दर्ज नहीं है, वे पहले upfr.agristack.gov.in पोर्टल पर शेष भूमि का विवरण जुड़वाएं और इसके बाद पंजीकरण लॉक करें। जिन किसानों की फार्मर आईडी अभी नहीं बनी है, वे पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार पंजीकरण करा सकते हैं। ऐसे किसानों की उपज सक्षम अधिकारी के सत्यापन के बाद खरीदी जाएगी।

साफ और सूखी उपज लेकर पहुंचें किसान

अधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे अपनी धान, मक्का एवं बाजरा की उपज अच्छी तरह सुखाकर और साफ-सफाई करने के बाद ही क्रय केंद्र पर लाएं, ताकि खरीद के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने बताया कि खरीद प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी है। क्रय केंद्र पर उपज बेचने वाले किसानों का भुगतान आधार से जुड़े बैंक खाते में पीएफएमएस के माध्यम से 24 घंटे के भीतर किया जाएगा। खरीद संबंधी किसी भी समस्या या जानकारी के लिए किसान जिला खाद्य विपणन अधिकारी, कन्नौज के मोबाइल नंबर 9452694848 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!